अपील : पैदल न निकलें, हम आपको लेने आएगें – योगी आदित्यनाथ

  • सीएम ने कहा- 56 ट्रेनों से अब तक गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, पंजाब, आंध्र प्रदेश और केरल समेत कई राज्यों से कामगारों हुई वापसी 
  • योगी ने अपील की है कि खुद के स्वास्थ्य और सुरक्षा के नाते कोई भी श्रमिक पैदल, साइकिल या दो पहिया से अपने घर के लिए न निकले

कोरोना संकट के बीच उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार प्रवासी श्रमिकों और कामगारों को वापस लाने का अभियान चला रही है। सूत्रों के अनुसार प्रदेश में अबतक सात लाख से ज्यादा श्रमिक वापस आ चुके हैं। सरकार के घर वापसी अभियान के बावजूद भी कई मजदूर पैदल, साइकिल व बाइक के जरिये अपने घरों को पहुंचने के लिए निकल रहे हैं और उनमें से कुछ हादसों का शिकार भी हो रहे हैं।  ऐसी घटनाओं को देखते हुए सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मजदूरों से अपील की है कि वे जहां हैं वहीं रहें, पैदल न निकलें, हम आपको सुरक्षित वापस ले कर लाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रदेश में सभी प्रवासी कामगारों/श्रमिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और प्रवासी कामगारों/श्रमिकों की प्रदेश में सकुशल वापसी तथा प्रदेश में रह रहे दूसरे राज्यों के कामगारों की सम्बन्धित राज्य में सकुशल वापसी के लिए बेहतर संवाद को आगे बढ़ाया जाए । उन्होने कहा कि – सरकार अपने प्रदेश के हर श्रमिक एवं कामगार को सुरक्षित उनके घर तक लाएगी। यह प्रक्रिया मार्च के अंतिम हफ्ते से ही जारी है, जरूरत के अनुसार हम इसके लिए ट्रेन और बसों का इंतजाम कर रहे हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने अपील की कि खुद के स्वास्थ्य और सुरक्षा के नाते कोई भी श्रमिक पैदल, साइकिल या दो पहिया से अपने घर के लिए न निकले, ये सारी व्यवस्था उनके लिए की गई है।

यह भी देखें  मौके पर ही मिला योजनाओं का लाभ तो हर चेहरे पर खिली मुस्कान

योगी ने कहा-आने वाले हर प्रवासी के स्वास्थ्य की जांच उस जिले के क्वारैंटाइन सेंटर पर अनिवार्य रूप से हो रही है। स्वस्थ लोगों को उनके घर इस हिदायत के साथ भेजा जा रहा है कि वह घर पर होम क्वारंटीन के मानकों का अनुपालन करेंगे। संदिग्ध को पूरी जांच के लिए सेंटर में ही आइसोलेट किया जा रहा है। घर जाने वाले हर श्रमिक को अनिवार्य रूप से भरण-पोषण के लिए एक हजार रुपये और तय मात्रा में खाद्यान्न भी दिया जा रहा है।

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!