अधूरी सड़क का लोकार्पण, विरोध के बाद निर्माण शुरू

देवरिया। लार के खरवनिया में 25 को जिलाधिकारी अमित किशोर ने एक चौपाल लगाई। चौपाल तो बहाना था, उन्हें एक निजी स्कूल में गेस्ट बनकर जाना था। विकास का सच देखना जरुरी था सो यह रिपोर्टर भी पहुंचा। यहाँ प्रभावती देवी महाविद्यालय से लेकर खरवनिया नवीन के कन्हैया के घर तक सीसी रोड का निर्माण होना है। जिला पंचायत सदस्य राम प्रकाश यादव के प्रस्ताव पर राज्य वित्त आयोग की योजना वर्ष 2018-2019 में यह सड़क प्रस्तावित है। सड़क के दोनों किनारों पर केवल ईंट जोड़कर छोड़ दिया गया है। इस अधूरी सड़क के किनारे लोकार्पण का शिलापट लगा दिया गया है। शिलापट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर जिलाधिकारी व ग्राम प्रधान तक का नाम है। सड़क बनी नहीं। कागज में व शिलापट पर लोकार्पण दिखा दिया। झूठ के इन पत्थरों से गॉव का विकास नहीं होगा।
खरवनिया नवीन गॉव के चारों तरफ बिहार प्रांत की सीमा है। बीच में लार ब्लॉक का यह गॉव स्थापित है। गॉव में 2200 लोग निवास करते हैं, जिसमे 1700 मतदाता हैं। पिछड़े वर्ग के लोंगो का इस गॉव में ज्यादातर निवास है। छोटी गण्डक नदी के किनारे स्थित बंधे से गॉव में जाने वाली सड़क लगभग 200 मीटर लम्बी सड़क को सीसी रोड बनाने के लिए लार पूर्वी के जिला पंचायत सदस्य राम प्रकाश यादव ने अपना प्रस्ताव दिया था। एक ट्राली ईंट से सड़क के किनारे जुड़वा दिए गए हैं। तीन-चार बोरी सीमेंट और 20 बोरी सफेद बालू खर्च कर सड़क के किनारे लोकार्पण का शिलापट लग गया। इस अधूरी सड़क के निर्माण को पूरा न करने पर ग्रामीणों में काफी रोष है।
———
ग्राम प्रधान रमेश यादव ने कहा-
अधूरे सड़क पर लोकार्पण के बारे में ग्राम प्रधान रमेश यादव से बात की गयी। उन्होंने कहा कि कई बार विकास विभाग के अधिकारियों से बात की गयी। गॉव में अधूरे सड़क पर लोकार्पण का शिलापट लगा कर छोड़ दिया गया है।
——–
जिला पंचायत सदस्य राम प्रकाश यादव ने कहा-
इस सड़क के बारे में लार पूर्वी के जिला पंचायत सदस्य राम प्रकाश यादव ने कहा कि हमने प्रस्ताव दे दिया। अधूरी सड़क पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सासंद रविंद्र कुशवाहा, विधायक काली प्रसाद व मेरे नाम का पत्थर लगवाकर लोकार्पण दिखाया गया है। यह सरासर गलत है। हम जिला पंचायत की बैठक में इस बात का विरोध करेंगे।
मीडिया में छपी खबर तो बनने लगी सड़क
लार विकास खण्ड के खरवनिया नवीन में जिला पंचायत की तरफ से एक सीसी रोड का निर्माण प्रस्तावित था। सड़क पूरी नहीं हुई इसी बीच खरवनिया नवीन में जिलाधिकारी देवरिया का चौपाल लग गया। आनन-फानन में अधूरे सड़क पर लोकार्पण का शिलापट लगवा दिया गया। प्रभावती महाविद्यालय में जिले के डीएम सहित कई विभाग के अफसर पहुंचे लेकिन इस सड़क पर कोई ध्यान नहीं दिए।
26 दिसम्बर को इस सड़क के मुद्दे को मीडिया ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर छपने के दूसरे दिन ही ठेकेदार गिट्टी, बालू, सीमेंट व मिक्चर मशीन लेकर पहुंच गया। जागरण की खबर के असर का प्रभाव हुआ कि गॉव में अधूरी सड़क की सीसी ढलाई का कार्य शुरू हो गया।
ग्राम प्रधान रमेश यादव ने मिडिया धन्यबाद ज्ञापित करते हुए कहा कि बहुत दिनों से यह खबर अपूर्ण थी। गॉव के लोंगो को परेशानी होती थी। जिला पंचायत सदस्य लार पूर्वी राम प्रकाश यादव ने कहा 25 दिसम्बर को जिले के लगभग सभी विभागों के लोग खरवनिया नवीन में आये थे। इस अधूरी सड़क पर केवल मीडिया ने ध्यान दिया। सड़क बनने लगी है।