प्रदेश की राजधानी डेंगू की चपेट में
लखनऊ। प्रदेश की राजधानी लखनऊ डेंगू की चपेट में है। सरकार के दावे फेल हो चुके हैं। इंतजाम नाकाफी सिद्ध हुए हैं। एक आंकड़े के मुताबिक़ प्रदेश की राजधानी में डेंगू के मरीजों की संख्या दो हजार पहुंचने को है।
लखनऊ शहर को डेंगू से बचाने के लिए अभियान शुरू हो चुका है। शहर में 110 वार्ड हैं। स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम ने इन्हें चार जोन में बांटा है। इसके बाद एंटीलार्वा व फॉगिंग अभियान चलाया। अफसर कागजों में पुख्ता तैयारी व बीमारी पर नियंत्रण का दावा करते रहे। वहीं शहर में बीमारी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। गोमती नगर, खदरा, बान वाली गली ,चौक, काकोरी, ठाकुरगंज , केशव नगर, आलमबाग, मोहनलालगंज, अलीगंज, महानगर, तेलीबाग, गोमतीनगर विस्तार, ख्वाजा पुर में 14 और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। वहीं जनवरी से अब तक मरीजों की संख्या 1815 हो गई है। यह गत वर्षों से सर्वाधिक है। नगर निगम और स्वास्थ्य महकमा बड़े पैमाने पर एंटी लार्वा छिड़काव व फागिंग कराने में जुटा है।