देवरिया के सभी थानों पर तैनात सभी महिला सिपाहियों का होगा मेडिकल टेस्ट, अनफिट होने पर किया जाएगा सेवामुक्त- एसपी
Lucknow ( The News Wala) : उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एसपी डॉक्टर श्रीपति मिश्र ने सभी प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्षों को पत्र लिखा है। जिसमे ये कहा गया है कि, प्राय देखा जाता जा रहा है कि इस जनपद में नियुक्त अधिकांश महिला आरक्षी ड्यूटी के दौरान चक्कर खाकर गिर जाती हैं, जिससे सार्वजानिक स्थलों पर असहज स्थिति उत्पन्न होने के साथ जनता में पुलिस की छवि धूमिल होती है । थानों पर भ्रमण के दौरान भी यह पाया गया है कि कुछ महिला आरक्षी प्रथम द्रष्टया आरक्षी मानक के अनुरूप प्रतीत नहीं होती हैं। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए जनपद में नियुक्त सभी महिला सिपाहियों का मेडिकल टेस्ट करना जरूरी है।
ऐसे में सभी प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि सभी अपने अधीनस्थ नियुक्त महिला आरक्षियों को अपने स्तर से प्रत्येक दशा में यह अवगत करा दें कि वह अपने स्वास्थ्य पर समुचित ध्यान दें तथा एक महीने के बाद सभी महिला आरक्षियों के स्वास्थ्य का परीक्षण कराया जाएगा। इस दौरान कोई महिला आरक्षी पद के मानक के अनूरूप नहीं पाई जाएगी तो इस संबंध में नियमानुसार अग्रिम आवश्यक कार्रवाई करते हुए इन्हें आरक्षी पद से सेवामुक्त किए जाने पर विचार किया जाएगा।
एसपी का हो रहा विरोध
इस पत्र के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसपी का काफी विरोध भी हो रहा है । लोगों का कहना है कि जब शरीर में पानी की कमी होती है तो चक्कर आता है, अधिकांश महिला आरक्षी पानी की सिर्फ कुछ घूंट ही लेतीं हैं, क्योंकि 12-14 घंटे की सार्वजनिक स्थान की ड्यूटी में शौचालय की व्यवस्था नहीं है, सार्वजनिक स्थान तो छोड़िये आपके कई थानों/चौकियों में उनके लिए शौचालय/स्नानघर की व्यवस्था नहीं है ।