सुकमा में नक्सली हमले में देवरिया का लाल शहीद, गांव में पसरा मातम

देवरिया के देवानंद यादव सुकमा में नक्सली हमले में शहीद

सीआरपीएफ में एसआई के पद पर तैनात थे 24 वर्षीय देवानंद यादव, मां का रो-रोकर बुरा हाल

देवरिया। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों के हमले में देवरिया के लाल देवानंद यादव (24) शहीद हो गए। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में उप निरीक्षक (एसआई) के पद पर तैनात देवानंद बरहज क्षेत्र के करजहां गांव के निवासी थे। उनकी शहादत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम है।

परिजनों के मुताबिक, सोमवार की देर रात गश्त के दौरान देवानंद की बटालियन पर नक्सलियों ने हमला कर दिया। बताया गया कि मंगलवार की भोर में करीब ढाई बजे वह पांच अन्य साथियों के साथ गश्त पर निकले थे। इसी दौरान रास्ते में हमला हुआ, जिसमें देवानंद शहीद हो गए, जबकि उनके अन्य साथी घायल बताए जा रहे हैं।

मंगलवार की सुबह परिवार को इस दुखद घटना की जानकारी मिली। देवानंद के चाचा परमानंद यादव अयोध्या में पीएसी में उप निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। परिजनों के अनुसार, सीआरपीएफ मुख्यालय से फोन पर उन्हें भतीजे की शहादत की सूचना दी गई थी। इसके बाद उन्होंने परिवार को इसकी जानकारी दी। खबर सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई।

सितंबर 2023 में हुए थे भर्ती, सुकमा में मिली थी पहली तैनाती

देवानंद के पिता रामानंद यादव ने बताया कि बेटे को बचपन से ही देश सेवा का जुनून था। गोरखपुर में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सुरक्षा बल में भर्ती होने की तैयारी शुरू की थी। सितंबर 2023 में सीआरपीएफ में भर्ती होने के बाद उनकी पहली तैनाती छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में हुई थी। वह तभी से वहां अपनी सेवाएं दे रहे थे।

यह भी देखें  कार के चपेट में आने से अधेड़ की घटनास्थल पर दर्दनाक मौत

परिवार की पांच संतानों में देवानंद दूसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में माता-पिता, भाई-बहन और अन्य परिजन हैं। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा देश की सेवा करते हुए आगे बढ़ेगा, लेकिन उसकी शहादत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

बेटे की शहादत से बेसुध हुईं मां

देवानंद की शहादत की सूचना मिलने के बाद उनकी मां शैला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, वह बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। बहन पूर्णिमा, श्वेता, भाई कृष्णानंद और छोटी बहन रिंकी का भी रोते-रोते बुरा हाल है। घर पर पहुंच रहे रिश्तेदार और ग्रामीण शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

गांव में जिस बेटे की बहादुरी और देश सेवा पर परिवार को गर्व था, उसकी शहादत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।

आज  गांव पहुंचने की सूचना

सीओ बरहज रंजना सचान के अनुसार, देवानंद का पार्थिव शरीर बुधवार को विमान से गोरखपुर लाया जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव करजहां ले जाने की व्यवस्था है। गांव में अंतिम दर्शन के लिए लोगों के जुटने की संभावना है।

देश की सुरक्षा में तैनात देवरिया के इस युवा जवान की शहादत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिवार अपने जवान बेटे को खोने के गहरे सदमे में है।

About Author

Leave a Reply

You may have missed

error: Content is protected !!