रास्ते के विवाद में RSS कार्यकर्ता की हत्या, लाठी-डंडों से पीटकर ले ली जान

लार में RSS कार्यकर्ता की हत्या: रास्ते के विवाद में लाठी-डंडों से हमला, मेडिकल कॉलेज ले जाते समय मौत

देवरिया में सड़क पर ब्रेकर बनाने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदला, मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रामेश्वर तिवारी ने तोड़ा दम

देवरिया। रास्ते के विवाद को लेकर देवरिया में RSS से जुड़े कार्यकर्ता रामेश्वर तिवारी की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। गुरुवार को सड़क पर ब्रेकर बनाने को लेकर पड़ोसियों से हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने रामेश्वर तिवारी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया।

मामला लार थाना क्षेत्र के भीखम छपरा गांव का बताया जा रहा है। रामेश्वर तिवारी के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े होने की बात सामने आने के बाद घटना को लेकर गांव में चर्चा तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि रामेश्वर तिवारी के घर के पास सड़क पर ब्रेकर बनाने को लेकर पड़ोसियों से विवाद चल रहा था। पड़ोसी ब्रेकर निर्माण का विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर गुरुवार को दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि रामेश्वर तिवारी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।

हमले में रामेश्वर तिवारी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी लार लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!