पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट के निशान की पुष्टि, अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र के कालेसर जीरो प्वाइंट के पास बोक्टा-बरवार बांध के किनारे मृत मिले सीआईएसएफ जवान की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ हो गया है। रिपोर्ट में जवान के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस के मुताबिक सिर में चोट लगने से ही उनकी मौत हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए जांच तेज कर दी है।
मृतक की पहचान बाघागाड़ा निवासी परमबीर यादव (38) के रूप में हुई है। वह धनबाद में सीआईएसएफ में तैनात थे। परिजनों के अनुसार परमबीर छुट्टी लेकर अपने गांव लौट रहे थे। ट्रेन छूट जाने के बाद उन्होंने किराये की गाड़ी से घर आने का फैसला किया था।
रविवार देर रात करीब 12 बजे कालेसर जीरो प्वाइंट के पास बोक्टा-बरवार बांध के किनारे वह अचेत अवस्था में मिले। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी जेब से मिले सीआईएसएफ पहचान पत्र के आधार पर शव की पहचान हुई।
घर पहुंचने से पहले ही टूट गया परिवार का इंतजार
परिवार के मुताबिक जवान के घर लौटने की जानकारी मिलने के बाद पत्नी और परिजन उनका इंतजार कर रहे थे। पत्नी प्रतिमा यादव ने बताया कि उन्होंने पति से संपर्क करने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन कॉल का जवाब नहीं मिला। बाद में पुलिस के माध्यम से घटना की जानकारी मिली तो परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने गीडा थाने में तहरीर देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली।
किराये की गाड़ी और CCTV पर पुलिस की नजर
पुलिस अब उस किराये की गाड़ी के बारे में जानकारी जुटा रही है, जिससे जवान धनबाद से घर लौट रहे थे। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गाड़ी में जवान के अलावा कौन-कौन लोग मौजूद थे और रास्ते में गाड़ी कहां-कहां रुकी।
पुलिस कालेसर और आसपास के टोल प्लाजा तथा अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इससे जवान की अंतिम यात्रा और उनके साथ मौजूद लोगों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
पुलिस ने तेज की जांच
गीडा सीओ आभा सिंह के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और मृतक के संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बाद में पुलिस और सीआईएसएफ जवानों की मौजूदगी में उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जवान की मौत के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।