रिटायर्ड सूबेदार के घर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश, सात लोगों को जिंदा जलाने की साजिश का आरोप

मेरठ में रिटायर्ड सूबेदार के घर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश, सात लोगों की जान खतरे में

लखनऊ / मेरठ । टीपीनगर थाना क्षेत्र की शिवकुंज कॉलोनी में सोमवार देर रात एक रिटायर्ड सूबेदार के घर को पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ से आग के हवाले करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाइक सवार दो युवकों पर घर के निचले हिस्से में आग लगाने का आरोप है। घटना के समय मकान में करीब सात लोग मौजूद थे। आग तेजी से फैलने के कारण परिवार के लोगों की जान पर बन आई।

जानकारी के अनुसार भोला रोड स्थित शिवकुंज कॉलोनी में सेवानिवृत्त सूबेदार नवनीत दूहन अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। मकान की दूसरी मंजिल पर इटावा निवासी अश्वनी कुमार अपने परिवार के साथ किराये पर रहते हैं। मकान के निचले हिस्से में गोदाम बना हुआ है, जहां पड़ोस के दो भाई फूलों का काम करते हैं।

बताया गया कि सोमवार देर रात करीब एक बजे बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने गोदाम के आसपास ज्वलनशील पदार्थ डाला और आग लगा दी। इसके बाद दोनों बाइक से मौके से फरार हो गए। आग की लपटें कुछ ही देर में ऊपर तक पहुंच गईं और मकान के अंदर धुआं भर गया।

बच्चों को लेकर दूसरी मंजिल से कूदा पिता

आग तेजी से फैलने के बाद दूसरी मंजिल पर रहने वाले अश्वनी कुमार और उनके परिवार के सामने बाहर निकलने का रास्ता मुश्किल हो गया। आग और धुएं से घिरे परिवार ने जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। अश्वनी के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया। उनके साथ मौजूद बच्चों समेत परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आईं।

यह भी देखें  आखिरकार कब थमेगी गोलियों की तड़तड़ाहट

घटना में मकान मालिक नवनीत दूहन, उनकी पत्नी ममता और किरायेदार के परिवार के सदस्य भी झुलसे हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की तीन गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, आग से मकान में रखा काफी सामान जल गया।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने भी आग बुझाने और मकान में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की।

CCTV में कैद हुए बाइक सवार युवक

पुलिस को सामने के मकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज मिली है, जिसमें बाइक सवार दो युवक दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वारदात के पीछे क्या वजह थी और आरोपियों का मकान मालिक या परिवार से कोई पुराना विवाद था या नहीं।

About Author

Leave a Reply

You may have missed

error: Content is protected !!