बुखार से पीड़ित प्रियंका ने तीन किमी पद यात्रा की
लखनऊ (The News Wala) । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा राजधानी लखनऊ पहुंची हैं। वह बुखार से पीड़ित हैं, फिर भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल तीन किलोमीटर पदयात्रा की। एयरपोर्ट से वह शहीद स्मारक पहुंची। यहां हजारों की संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। शहीदों की श्रद्धांजलि देने के बाद प्रियंका ने कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मौन पदयात्रा शुरू की। बीच रास्ते में उन्होंने हनुमान मंदिर में नमन किया। इसके बाद वह जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पहुंचीं और गांधी जी को पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी को गांधी जी के दिखाए सत्य के मार्ग पर चलना है तो पहले उसको सच्चा होना पड़ेगा। प्रियंका ने कहा कि भाजपा को पहले सत्य के मार्ग पर चलना होगा, उसके बाद वह महात्मा गांधी जी की बात करे। उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुआ कहा कि यूपी में महिलाओं और कमजोर लोगों पर अत्याचार हो रहा है। हम महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। भाजपा के झूठ को जनता देख रही है।