किरोड़ीलाल महाराणा सांगा की तरह अपराजित योद्धा – बाबा रामदेव
जयपुर: योग गुरु बाबा रामदेव ने राजस्थान के कैबिनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा की तुलना वीर महाराणा सांगा से करते हुए उन्हें अपराजित योद्धा करार दिया। जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में रामदेव ने कहा, “किरोड़ीलाल महाराणा सांगा की तरह हैं, जो हर मोर्चे पर डटकर लड़ते हैं। हालांकि, कभी-कभी मेरी तरह अनाड़ीपन से भी लड़ाई लड़ लेते हैं।” इस बयान में उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में सलाह भी दी कि हर जगह मोर्चा खोलने के बजाय सोच-समझकर कदम उठाना चाहिए।
बाबा रामदेव ने किरोड़ीलाल के साथ अपने 33 साल पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा, “मैं पहली बार हिण्डौन सिटी आया था, तब से इनके साथ जुड़ाव है। इनका जुझारूपन देखते ही बनता है।” उन्होंने किरोड़ीलाल के जज्बे की सराहना करते हुए यह भी कहा कि अनाड़ीपन अब वे खुद भी कम कर रहे हैं और किरोड़ीलाल को भी ऐसा करना चाहिए। रामदेव ने अपने और किरोड़ीलाल के स्वभाव में समानता बताते हुए कहा, “हम दोनों में जोश भरपूर है, लेकिन कभी-कभी जल्दबाजी में अनाड़ीपन हो जाता है। अब हम सुधर रहे हैं।” इस बयान से सभा में मौजूद लोग हंस पड़े, लेकिन इसके पीछे छिपा संदेश गंभीर था- लड़ाई को रणनीति के साथ लड़ना जरूरी है। किरोड़ीलाल के समर्थकों ने इस बयान का स्वागत किया। जयपुर के रामेश्वर मीणा ने कहा, “बाबा ने सही कहा। किरोड़ीलाल जी हर मुद्दे पर बेबाकी से लड़ते हैं।” वहीं, कुछ लोगों ने ‘अनाड़ीपन’ वाली टिप्पणी को हल्का तंज मानते हुए कहा कि यह उनकी आक्रामक शैली को दर्शाता है।
– एम. के. पांडे “निल्को”, द न्यूजवाला