लार में सड़क चौड़ीकरण का मामला अधर में लटका
- लखु मोड़ से चनुकी मोड़ तक सड़क का होना है चौड़ीकरण
- जनवरी से ही कोर्ट में लटका है लार के चौड़ीकरण का मामला
- हर हाल में कोर्ट के फैसले पर होगी अमल: सरोज
लार। नगर पंचायत लार की तरफ से अतिक्रमण हटाने और सड़क के चौड़ीकरण के लिए 17 जनवरी की तिथि मुकर्रर की गई थी। सड़क के किनारे के दुकानदार नगर पंचायत के निर्णय के विरुद्ध पहले जिलाधिकारी देवरिया के कोर्ट में और बाद में कमिश्नर गोरखपुर के कोर्ट में मामला ले गए। आठ महीने से मामला कमिश्नर कोर्ट में लटका है और नगर पंचायत की महत्वाकांक्षी योजना पर पानी फिरा हुआ है।
नगर पंचायत ने क्रमशः छह नोटिस दुकानदारों को देकर लाउडीस्पीकर से मुनादी तक करा दिया था। कुछ दुकानदार तो अपने दुकानों के अंदर पिलर खड़ा कर लिए थे कि सामने यदि टूटेगा तो तुरन्त दुकान अंदर की तरफ करके खोली जाएगी और व्यवसाय वाधित नहीं होगा।
सीमांकन व चिन्हीकरण में सड़क के दोनों तरफ लगभग 100 निर्माण कार्रवाई की जद में आने की संभावना थी। प्रशासन ने ध्वस्तीकरण में अवरोध करने वाले सम्भावित लोगों की सूची भी तैयार करा लिया था। नगर पंचायत और प्रशासन की मंशा थी कि सड़क के मध्य से 23 फिट दोनों तरफ जमीन खाली कराई जाएगी। पुलिस ने दो कदम और आगे बढ़कर लार में 119 दुकानदारों व मकानमालिकों पर107/116 की कार्रवाई कर दी। अब आठ माह से यह मामला कमिश्नर कोर्ट में है। दुकानदारों को राहत है। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष सरोज यादव का कहना है कि कोर्ट से जो निर्णय आएगा हम उसका सम्मान करेंगे।