Accident: प्रयागराज से छात्रों को कुशीनगर लेकर जा रही रोडवेज बस अयोध्या में दुर्घटनाग्रस्त
- यूपी रोडवेज की यह बस प्रयागराज से छात्रों को लेकर कुशीनगर जा रही थी। जब बस सुल्तानपुर पहुंची तो ड्राइवर को झपकी आ गई। अयोध्या के पास हाइवे पर ट्रक को ओवरटेक करते समय बस का पिछला हिस्सा ट्रक से बुरी तरह टकरा गया। पुलिसकर्मी व ड्राइवर सहित दर्जनो घायल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन में प्रयागराज में फंसे छात्र-छात्राओं को उनके गृह जनपदों में भेजा जा रहा है। सोमवार की रात से यह क्रम शुरू हुआ है इसी बीच प्रयागराज से 25 छात्र-छात्राओं को लेकर कुशीनगर जा रही रोडवेज की बस अयोध्या में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस में सवार पुलिसकर्मी और ड्राइवर सहित 27 लोग घायल हुए हैं। इसमें से ड्राइवर और दो छात्राओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीएम अनुज झा ने जिला अस्पताल में घायलों का हालचाल लिया उन्होंने बताया कि ड्राइबर के घुटने फ्रैक्चर है। स्टूडेंट्स भी घायल हुए हैं पर गंभीर हालत में नहीं हैं। जैसे-जैसे ठीक रहे हैं उनको उनके घरों को भेजा जा रहा है। 10 छात्र छात्रा समेत 12 लोग जिला अस्पताल में भर्ती हैं। साधारण तौर पर घायल 15 छात्र-छात्राओं को जिला अस्पताल से बस लेकर कुशीनगर रवाना हो गई है।