भुलई भाई, मोदी बोल रहा हूँ ….
The Newswala | कोरोना संकट काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार अपने पुराने नेताओं, कोरोना वॉरियर्स व कोरोना फाइटर्स से फोन पर बातकर उनका हालचाल जान रहे हैं। इसी कड़ी में पीएम ने 106 साल के बुजुर्ग भाजपा नेता व जनसंघ के पूर्व विधायक श्रीनारायण उर्फ भुलई भाई से बात की और उनका हाल जाना। पीएम ने उनसे आशीर्वाद भी लिया। इसके बाद से पूर्व विधायक भुलई भाई काफी खुश नजर आ रहे हैं। नारायन जी उर्फ भुलई भाई के पास अपना कोई फोन नहीं है । उनके पोते कन्हैया चौधरी के मोबाईल पर एक फोन आया लेकिन नम्बर शो नहीं कर रहा था। फोन उठाने पर पता चला कि दिल्ली से फोन आया है, उधर से आवाज आई कि हम प्रधानमंत्री कार्यालय से बात कर रहे हैं । क्या नारायण जी से बात हो पाएगी? कन्हैया चौधरी ने कहा कि जी हो जाएगी।
आइए जानते हैं क्या बात हुई?
मोदी : हैलो…हैलो।
श्रीनारायण: (पूर्व विधायक के पाते ने फोन पकड़ाते हुए कहा पीएम साहब हैं) अच्छा अच्छा प्रणाम।
मोदी: नारायण जी प्रणाम।
श्रीनारायण: आप की कृपा से सबकुछ सही चल रहा है।
मोदी: आपने तो शताब्दी पूरी कर ली?
श्रीनारायण: हां 106 हो गया।
मोदी: बस यूं ही मन कर गया कि, चलिए आपने इतने शताब्दी देखा है। सोचा संकट के समय आशीर्वाद ले लूं।
श्रीनारायण: बहुत बहुत धन्यवाद। भगवान सबकुछ ठीक करें। जब तक आप स्वस्थ्य रहें, तब तक देश का नेतृत्व करें।
मोदी: आप का आशीर्वाद है। अच्छा करूं, आप लोगों से जो सीखा है वह देश काम आए बस यही बात है।
श्रीनारायण: बहुत अच्छा।
मोदी: तबियत अच्छी रहती है?
श्रीनारायण: बहुत अच्छा।
मोदी: पांच पीढी देखी होगी?
श्रीनारायण: जी।
मोदी: परिवार को प्रणाम कहिएगा। बहुत साल हो गए आपको देखा नहीं। अच्छा जी नमस्कार।
श्रीनारायण: नमस्कार।
कौन हैं भुलई ?
बता दें कि श्री नारायण उर्फ़ भुलई भाई ने जनसंघ के दीपक चुनाव चिन्ह पर 1974 व 1977 में नौरंगिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और जीत का परचम लहराया था। अपनी ईमानदार छवि और विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ से घिरे गरीबों की स्थिति का वर्णन भोजपुरी में करने पर वे काफी प्रसिद्ध हुए थे, जनसंघ से चुनाव लड़ने के बाद जब साल 1980 में भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ तो वह बीजेपी में आ गए। उन्होंने कभी भी दल नहीं बदला,सक्रिय राजनीति में उतरने से पहले वह आरएसएस से जुड़े थे और देवरिया जिला के प्रचारक भी थे ।