स्कार्पियो में मामूली टक्कर के बाद युवक पर फायरिंग, पेट में लगी गोली; एक आरोपी गिरफ्तार
देवरिया। शहर के गोरखपुर रोड पर स्कार्पियो में मामूली टक्कर लगने के विवाद में युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने तीन नामजद समेत छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मंगलवार को एक आरोपी निसार अहमद को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
शहर के रामगुलाम टोला निवासी देव सिंह 8 नवंबर की भोर में अपनी स्कार्पियो से परिवार के एक सदस्य को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी की दूसरी स्कार्पियो से मामूली टक्कर हो गई। आरोप है कि इसके बाद दूसरी स्कार्पियो सवार युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया और फायरिंग करने लगे। जान बचाने के लिए देव सिंह गोरखपुर रोड की तरफ पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने वहां भी गोली चला दी। गोली उनके पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल देव सिंह को उपचार के लिए गोरखपुर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मामले में देव सिंह के चाचा सूरज सिंह की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने देवरिया रामनाथ निवासी आरिफ, आशिफ, निसार अहमद समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को आरोपी निसार अहमद को गिरफ्तार कर लिया। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि युवक को गोली मारने के मामले में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
