साभार: आज तक
देवरिया। जिले के बघौचघाट थाना क्षेत्र के आनंद नगर में दीपावली की शाम अपने दिवंगत पिता की लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायरिंग करने वाले भाजपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद ही हर्ष फायरिंग का वीडियो बनाकर अपने फेसबुक अकाउंट पर अपलोड कर दिया था, जिसके सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे ने त्वरित संज्ञान लिया।
जानकारी के अनुसार, बघौचघाट थाना क्षेत्र के आनंद नगर निवासी भाजपा नेता अभिषेक सिंह सेंगर ने 8 नवंबर को दीपावली के जश्न में नियमों की अनदेखी करते हुए हवाई फायरिंग की थी। इस गैरकानूनी कृत्य का वीडियो उसने अपनी फेसबुक आईडी पर अपलोड किया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच का आदेश दिया।
मृतक पिता के नाम दर्ज थी बंदूक
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि जिस डबल बैरल (DBL) बंदूक से हवाई फायरिंग की गई थी, उसका लाइसेंस अभिषेक के दिवंगत पिता कल्याण सिंह के नाम पर था। कुछ महीने पहले उनके पिता की मृत्यु हो चुकी है, लेकिन शस्त्र लाइसेंस का हस्तांतरण अभी तक बेटे के नाम पर नहीं हुआ था। इसके बावजूद बिना ट्रांसफर के ही हथियार का इस्तेमाल किया जा रहा था।
वीडियो का संज्ञान लेते हुए स्थानीय पुलिस ने आरोपी अभिषेक सिंह को हिरासत में ले लिया है। पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बंदूक और खाली खोखे को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सीओ सिटी ने दी कार्रवाई की जानकारी
मामले की जानकारी देते हुए सीओ सिटी संजय रेड्डी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान आरोपी की पहचान आनंद नगर निवासी अभिषेक सिंह के रूप में हुई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बंदूक और खोखा बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
स्रोत: आज तक
