खुखुंदू थाने की हवालात में गांजा तस्करी के आरोपी की मौत, फंदे पर लटका मिला शव

देवरिया: खुखुंदू थाने की हवालात में गांजा तस्करी के आरोपी की मौत, फंदे पर लटका मिला शव

ओमान हमले में मारे गए देवरिया के सूरज यादव का शव अब तक नहीं पहुंचा घर, परिवार को इंतजार

ओमान हमले में मारे गए देवरिया के सूरज यादव का शव अब तक नहीं पहुंचा घर, परिवार को इंतजार

देवरिया। खुखुंदू थाना क्षेत्र में करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद होने के मामले के अगले ही दिन शनिवार सुबह पुलिस हिरासत में रखे गए आरोपी की मौत से सनसनी फैल गई। खुखुंदू थाने की हवालात में 38 वर्षीय बृजपाल उर्फ विक्की का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शुक्रवार को डीसीएम से पकड़ी गई थी गांजे की बड़ी खेप

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को खुखुंदू पुलिस ने नूनखार-जैतपुरा मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान एक डीसीएम को रोककर तलाशी ली थी। वाहन से करीब 150 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लेते हुए चालक बृजपाल को हिरासत में लिया था।

सुबह हवालात में मिला शव

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह हवालात में बृजपाल का शव खिड़की से पजामे के सहारे लगाए गए फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही पुलिसकर्मियों ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद थाने पर अधिकारियों की आवाजाही शुरू हो गई।

घटना के बाद एडिशनल एसपी सुनील कुमार सिंह और सीओ सलेमपुर गौरव सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने हवालात का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की जानकारी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की स्थिति

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हिरासत में हुई इस मौत की परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक जांच जारी है।

यह भी देखें  उपेंद्र पांडेय के सर बंधा संगठन का ताज

गौरतलब है कि गांजा बरामदगी की कार्रवाई के कुछ ही घंटे बाद आरोपी की हवालात में मौत होने से मामला गंभीर हो गया है। अब जांच में यह स्पष्ट होना महत्वपूर्ण होगा कि हवालात में आरोपी ने फंदा कैसे लगाया और उस समय सुरक्षा एवं निगरानी की क्या व्यवस्था थी।

पुलिस के अनुसार, बृजपाल को एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर खुखुंदू थाने की हवालात में रखा गया था। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी।

घटना को लेकर अभी पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी।

 

About Author

Leave a Reply

You may have missed

error: Content is protected !!