साभार: prabhatkhabar.com
लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने राज्य में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी भर्ती की घोषणा की है। आयोग कुल 1784 रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित कर रहा है। इसमें ग्राम विकास अधिकारी (VDO), ग्राम पंचायत अधिकारी, समाज कल्याण पर्यवेक्षक और वाणिज्य कर संग्रह अमीन समेत कई पद शामिल हैं। योग्य अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल पर 1 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिये फॉर्म जमा कर सकते हैं।
किस पद पर कितनी रिक्तियां
आयोग की इस भर्ती में सबसे अधिक ग्राम विकास अधिकारी के 525 और ग्राम पंचायत अधिकारी के 508 पद रखे गए हैं। इनके अतिरिक्त वाणिज्य कर संग्रह अमीन के 235 और भूमि अर्जन अमीन के 187 पद तय किए गए हैं। वहीं स्टोरकीपर-कम-क्लर्क के कुल 120 पदों में से 118 सामान्य चयन तथा दो विशेष चयन के लिए हैं। समाज कल्याण पर्यवेक्षक के 137, सहकारी कृषि पर्यवेक्षक के 50, स्टेनोग्राफर के 14, गृह माता के पांच, फार्म क्लर्क के दो और सेल्स क्लर्क का एक पद शामिल है।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास अथवा इसके समकक्ष मांगी गई है। आवेदकों के पास प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2025 का वैध स्कोर कार्ड होना आवश्यक है। VDO, ग्राम पंचायत अधिकारी और समाज कल्याण पर्यवेक्षक के लिए कंप्यूटर का CCC प्रमाणपत्र होना जरूरी है। वहीं फार्म क्लर्क व सेल्स क्लर्क पद के लिए देवनागरी में हिंदी ज्ञान और संबंधित क्षेत्र में तीन वर्ष का अनुभव होना चाहिए। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष तय है, जबकि फार्म क्लर्क के लिए आयु 21 से 30 वर्ष होनी चाहिए। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 से होगी।
वेतन और आवेदन प्रक्रिया
चयनित होने वाले अभ्यर्थियों का वेतनमान पद के अनुसार अलग-अलग तय किया गया है। कुछ पदों पर वेतन 21,700 रुपये से 69,100 रुपये तक दिया जाएगा। स्टोरकीपर-क्लर्क के लिए 5,200 से 20,200 रुपये वेतनमान व 1,900 रुपये ग्रेड पे रहेगा। स्टेनोग्राफर, फार्म क्लर्क और सेल्स क्लर्क को 19,900 से 63,200 रुपये तक वेतन मिलेगा। सभी वर्ग के आवेदकों के लिए शुल्क 25 रुपये निर्धारित है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर निर्देशानुसार ऑनलाइन आवेदन पूरा कर सकते हैं।
स्रोत: prabhatkhabar.com
