साभार: दैनिक जागरण
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा निकाली गई समीक्षा अधिकारी (आरओ) और सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया समाप्त होने वाली है। आयोग की आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक उम्मीदवार 26 नवंबर 2026 तक ही अपना आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। ऐसे में जो युवा स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं और उत्तर प्रदेश सरकार में अफसर बनने का सपना देख रहे हैं, वे आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जाकर तुरंत फॉर्म भर लें। इसके बाद पोर्टल पर लिंक बंद कर दिया जाएगा।
पात्रता और आयु सीमा
इस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का भारत में कानून द्वारा स्थापित किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक उत्तीर्ण होना जरूरी है। आयु सीमा की बात करें तो 1 जुलाई 2026 को आवेदक की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष पूरी होनी चाहिए, जबकि अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। अभ्यर्थी का जन्म 2 जुलाई 1986 से पहले और 1 जुलाई 2005 के बाद का नहीं होना चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।
अनिवार्य योग्यता के साथ ही कुछ खास पदों के लिए अधिमान्य योग्यताएं भी तय की गई हैं। इनमें अंग्रेजी टाइपिंग का ज्ञान, एनसीसी का ‘बी’ सर्टिफिकेट, प्रादेशिक सेना में कम से कम दो वर्ष की सेवा, कॉमर्स स्नातक, कुकरी, हॉर्टिकल्चर, लेखा नियमों की जानकारी और होटल मैनेजमेंट का डिप्लोमा रखने वाले अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। इसके अलावा प्रशासनिक कार्यों का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को भी चयन प्रक्रिया में लाभ मिलेगा।
आवेदन शुल्क और प्रक्रिया
आयोग ने श्रेणी के आधार पर आवेदन शुल्क तय किया है। अनारक्षित (सामान्य), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को 125 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) श्रेणी के आवेदकों के लिए 65 रुपये शुल्क तय है, जबकि दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों को 25 रुपये फीस देनी होगी।
फॉर्म भरने के लिए सबसे पहले आयोग के पोर्टल uppsc.up.nic.in पर जाना होगा। वहां रिक्रूटमेंट डैशबोर्ड में विज्ञापन लिंक पर क्लिक करके पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद अपनी शैक्षणिक व व्यक्तिगत जानकारी दर्ज कर अपनी श्रेणी के अनुसार निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। आवेदन सबमिट करने के बाद एक प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें।
स्रोत: दैनिक जागरण
