साभार: navbharatlive.com
जोहान्सबर्ग। बांग्लादेश के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मुकाबले में विकेट के पीछे अद्भुत प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया है। वह टेस्ट क्रिकेट की एक ही पारी में आठ बल्लेबाजों को आउट करने में भूमिका निभाने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर बन गए हैं। जोहान्सबर्ग में खेले जा रहे इस मैच में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी के दौरान 6 खिलाड़ियों के कैच लपके और 2 बल्लेबाजों को स्टंप आउट किया।
दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी के दौरान लिटन दास का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। उन्होंने सलामी बल्लेबाज एडन मार्करम के अलावा जुबैर हमजा, मैथ्यू ब्रीट्जके, वियान मुल्डर, मार्को यानसन और साइमन हार्मर को कैच आउट करके पवेलियन की राह दिखाई। इसके अलावा उन्होंने रियान रिकल्टन और कगिसो रबाडा को अपनी बेहतरीन स्टंपिंग से शिकार बनाया। इस ऐतिहासिक विश्व रिकॉर्ड के बनने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से खुशी जाहिर की है।
बल्लेबाजी में भी जड़ा शानदार शतक
विकेटकीपिंग में वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम करने से पहले लिटन दास ने अपनी टीम की पहली पारी में बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया था। इस मुकाबले में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और टीम अपनी पहली पारी में 400 रन बनाकर ऑलआउट हुई थी। बांग्लादेश के लिए तौहीद हृदोय ने 14 चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 137 रन बनाए। वहीं लिटन दास ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 14 चौके और एक छक्का जमाकर 120 रनों की शतकीय पारी खेली।
दक्षिण अफ्रीका ने बनाए 557 रन
बांग्लादेश के 400 रनों के जवाब में अपनी पहली पारी खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम 557 रन बनाकर सिमट गई। मेजबान टीम के लिए ओपनर एकरमैन ने सबसे ज्यादा 157 रनों की पारी खेली। उनके अलावा रियान रिकल्टन ने भी 14 चौकों की सहायता से 102 रन बनाए।
बांग्लादेश की तरफ से गेंदबाजी में हसन महमूद सबसे सफल रहे, जिन्होंने 4 बल्लेबाजों को आउट किया। वहीं तस्कीन अहमद और मेहदी हसन मिराज को 2-2 विकेट मिले, जबकि इबादत हुसैन और मोमिनुल हक ने 1-1 सफलता अपने नाम की।
स्रोत: navbharatlive.com
