साभार: आज तक
नई दिल्ली। देश के प्रमुख निजी बैंक एचडीएफसी बैंक ने अपने ग्राहकों को झटका देते हुए मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड बेस्ड लैंडिंग रेट (एमसीएलआर) में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। बैंक ने सभी सात अवधि वाले एमसीएलआर की दरों में 5 से लेकर 15 बेसिस पॉइंट तक का इजाफा किया है। नई दरें 7 नवंबर से लागू हो चुकी हैं। बैंक के इस निर्णय के बाद होम लोन, पर्सनल लोन तथा अन्य प्रकार के कर्ज महंगे हो जाएंगे और ग्राहकों को ज्यादा ईएमआई चुकानी पड़ सकती है।
जानकारी के अनुसार, ब्याज दरों में किया गया यह बदलाव केवल उन्हीं ग्राहकों पर लागू होगा जिनका कर्ज एमसीएलआर से जुड़ा हुआ है। इस संशोधन के बाद एचडीएफसी बैंक की एमसीएलआर दरें अब 7.85 प्रतिशत से बढ़कर 8.70 प्रतिशत के दायरे में आ गई हैं। इस फैसले से पहले बैंक का एमसीएलआर 7.75 प्रतिशत से 8.55 प्रतिशत के बीच तय था। बैंक ने लंबी अवधि के कर्ज से जुड़ी दरों में अधिक बढ़ोतरी की है।
लंबी अवधि के लोन पर अधिक असर
बैंक की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक छह महीने, एक साल, दो साल और तीन साल की अवधि वाले एमसीएलआर में 15 बेसिस पॉइंट की वृद्धि की गई है। वहीं अन्य अवधि की दरों में 5 से 10 बेसिस पॉइंट तक का इजाफा किया गया है। उल्लेख है कि एक बेसिस पॉइंट का अर्थ 0.01 प्रतिशत होता है।
ईएमआई पर कितना पड़ेगा प्रभाव
ब्याज दर में बढ़ोतरी के गणित को समझें तो यदि किसी ग्राहक ने 20 साल के लिए 20 लाख रुपये का एमसीएलआर लिंक्ड लोन ले रखा है और उसकी ब्याज दर 8 प्रतिशत थी, तो अब वह बढ़कर 8.15 प्रतिशत हो जाएगी। इस बदलाव से पहले 8 फीसदी पर मासिक किश्त 16,729 रुपये बन रही थी, जो 8.15 फीसदी ब्याज होने पर बढ़कर 16,916 रुपये हो जाएगी। इस प्रकार संबंधित ग्राहक की मासिक किश्त में लगभग 200 रुपये का इजाफा होगा।
किन कर्जदारों पर होगा असर
एमसीएलआर में हुई इस बढ़ोतरी का प्रभाव उन सभी ग्राहकों पर पड़ेगा जिनके होम लोन, पर्सनल लोन या ऑटो लोन जैसे फ्लोटिंग रेट वाले कर्ज एमसीएलआर बेंचमार्क से जुड़े हैं। हालांकि, सभी बैंक ग्राहकों की ईएमआई तुरंत नहीं बढ़ेगी। किसी ग्राहक की ईएमआई में कितना बदलाव होगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि उसका लोन किस मानक से लिंक है और लोन एग्रीमेंट में ब्याज दर के रीसेट होने की तारीख क्या तय की गई है।
स्रोत: आज तक
