साभार: अमर उजाला
प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने आगामी छह महीनों के लिए विभिन्न भर्ती परीक्षाओं का खाका तैयार कर लिया है। आयोग की ओर से नवंबर 2026 से लेकर अप्रैल 2027 के मध्य छह प्रमुख भर्ती परीक्षाएं अलग-अलग चरणों में कराई जाएंगी। इनमें जूनियर इंजीनियर, सब इंस्पेक्टर, सीएचएसएल, सीजीएल तथा जीडी कांस्टेबल जैसी अहम परीक्षाएं शामिल हैं।
नवंबर और दिसंबर में प्रमुख परीक्षाएं
शेड्यूल के अनुसार, दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में सब इंस्पेक्टर पद के लिए परीक्षा 23 नवंबर से 28 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। इसके तुरंत बाद जूनियर इंजीनियर (जेई) भर्ती का पहला पेपर 30 नवंबर और 1 दिसंबर को होगा।
इसके अलावा, कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (सीएचएसएल) टियर-वन परीक्षा 30 नवंबर से शुरू होकर 31 दिसंबर तक चलेगी। वहीं, कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल) 2026 की टियर-टू परीक्षा का आयोजन दिसंबर माह में प्रस्तावित किया गया है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के तहत एमटीएस और हवलदार भर्ती परीक्षा 2026 भी नवंबर के दौरान ही संपन्न होगी।
साल 2027 की शुरुआत में जीडी कांस्टेबल भर्ती
नए साल की शुरुआत में सबसे बड़ी परीक्षाओं में शामिल जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2027 का आयोजन होगा। यह परीक्षा जनवरी से मार्च 2027 के बीच कराने का प्रस्ताव है। इसके माध्यम से सुरक्षा बलों में युवाओं की नियुक्ति की जाएगी।
इस परीक्षा के जरिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ), राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), एसएसएफ और असम राइफल्स में सिपाही (कांस्टेबल) और राइफलमैन के रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा। लगातार होने वाली इन परीक्षाओं से आगामी महीने अभ्यर्थियों के लिए काफी महत्वपूर्ण रहने वाले हैं।
स्रोत: अमर उजाला
