जमीन विवाद में घायल युवक की मौत, आरोपी के दरवाजे पर शव रखकर प्रदर्शन; गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन

देवरिया: भूमि विवाद में घायल युवक की मौत, शव रखकर प्रदर्शन

देवरिया। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव में भूमि विवाद के दौरान घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद तनाव का माहौल बन गया। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार देर रात शव गांव पहुंचा तो आक्रोशित परिजनों ने आरोपी के दरवाजे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। शुक्रवार सुबह दस बजे तक करीब 12 घंटे से प्रदर्शन जारी था। परिजन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी करने और विवादित जमीन दिलाने की मांग कर रहे थे। वहीं, पुलिस उन्हें समझाकर शांत कराने में जुटी रही।

मृतक की पहचान बैकुंठपुर निवासी कलिंदर यादव (41) पुत्र बंका यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि उनके घर के सामने स्थित जमीन को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह विवादित जमीन पर कुछ लोगों ने घास-फूस रख दिया था। इसका कलिंदर यादव के परिवार ने विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की होने लगी।

मारपीट में घायल होने का परिजनों ने लगाया आरोप

परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान कलिंदर यादव के साथ मारपीट की गई, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

गुरुवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने शव को आरोपी के दरवाजे पर रख दिया और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। शुक्रवार सुबह तक परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार नहीं हुए थे।

यह भी देखें  मां की बरखी में आभूषण बंटवारे को लेकर खूनी संघर्ष, छोटे बेटे की मौत; भाई-भतीजों पर हत्या का आरोप

जमीन दिलाने और गिरफ्तारी की मांग

परिजनों का कहना है कि जिस जमीन के विवाद में कलिंदर यादव की जान गई, वह जमीन उन्हें दिलाई जाए। साथ ही, घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। मांगें पूरी होने तक परिजन प्रदर्शन पर अड़े रहे।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस मौके पर परिजनों को समझाने और स्थिति सामान्य कराने का प्रयास करती रही। परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर दिए जाने की जानकारी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। घटना में आगे की कार्रवाई पुलिस की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!