देवरिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पुलिस को चकमा देकर कचहरी चौराहे पर पुतला दहन किया।

देवरिया। चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर विरोध जताया। कांग्रेस कार्यालय से निकला कार्यकर्ताओं का जत्था नारेबाजी करते हुए सुभाष चौक से कचहरी चौराहे पहुंचा। यहां पुलिस की मौजूदगी के बीच कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
दोपहर करीब 12 बजे कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल रोशन, पूर्व जिलाध्यक्ष सुयश मणि त्रिपाठी, राघवेंद्र सिंह राकेश, धर्मेंद्र सिंह और रामजी गिरि के नेतृत्व में कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां, झंडे और बैनर लेकर सड़क पर उतरे। तख्तियों के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारे लगाए जा रहे थे। कांग्रेस कार्यकर्ता चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना विरोध जता रहे थे।
प्रदर्शन को देखते हुए सुभाष चौक से कचहरी चौराहे तक पुलिस बल तैनात रहा। कचहरी चौराहे पर पहुंचते ही पुलिसकर्मियों ने पुतला दहन रोकने की कोशिश की। कुछ देर तक पुतले को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच खींचतान की स्थिति बनी रही। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चकमा दिया और पुतले में आग लगा दी।
पुतले पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की तस्वीरें भी लगाई गई थीं। पुतला जलाने के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।
प्रदर्शन में मुकुंद भास्कर मणि, अरविंद शाही, जयदीप त्रिपाठी, शहर अध्यक्ष मिर्जा खुर्शीद अहमद, सुभाष राय, महेंद्र अंबेडकर, संजीव कुमार मिश्रा, जयप्रकाश पाल, धर्मेंद्र पांडे, अशोक गौड़, शहर उपाध्यक्ष अभिनव तिवारी, जवाहर बरनवाल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।