देवरिया: 42 करोड़ की लागत से बन रही सड़क का डीएम ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिए निर्देश
देवरिया में 42 करोड़ से बन रही सड़क का डीएम ने किया निरीक्षण
देवरिया। भलुअनी से पकड़ी होते हुए रुद्रपुर तक बन रहे सड़क मार्ग के निर्माण कार्य की प्रगति परखने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की गति का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप काम कराने और तय समयसीमा में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।
भलुअनी-रुद्रपुर वाया पकड़ी मार्ग करीब 16.70 किलोमीटर लंबा है। इसके चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण पर लगभग 42.06 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। परियोजना के तहत मौजूदा सड़क की चौड़ाई 3.75 मीटर से बढ़ाकर 5.50 मीटर की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, इस परियोजना का निर्माण कार्य 20 मार्च 2026 को शुरू हुआ था। इसे 19 जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक निर्माण कार्य की लगभग 60 प्रतिशत भौतिक प्रगति दर्ज की गई है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन करते हुए शेष कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए।
इस सड़क के चौड़ा होने से भलुअनी, पकड़ी और रुद्रपुर क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
