पंचायत चुनाव : वोटिंग से पहले दो प्रधान प्रत्याशियों के बीच मारपीट और फायरिंग
देवेन्द्र पुरोहित, गोरखपुर | उत्तर प्रदेश के 18 जिलों में आज त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए वोटिंग हो रही है। इसी क्रम में गोरखपुर में बुधवार रात ग्राम प्रधान पद के दो गुटों में जमकर मारपीट और तीन राउंड फायरिंग की गई। फायरिंग में पूर्व प्रधान व प्रत्याशी 50 साल के राघवेंद्र दुबे को गोली लग गई। उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया जहाँ डॉक्टर उनकी हालत नाजुक बता रहें हैं। पुलिस ने संदेह के आधार पर निवर्तमान प्रधान शंभू यादव को हिरासत में लिया है। शंभू यादव इस बार भी चुनाव लड़ रहा है और ग्रामीणों के अनुसार इस बार राघवेंद्र दुबे से ज़ोरदार मुकाबला था।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मामला गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के महुआडाबर गांव का है। जहाँ बुधवार की रात करीब 10:30 बजे पूर्व प्रधान गिलगिल दुबे उर्फ राघवेंद्र नारायण दुबे जो कि पांच साल पहले तक प्रधान थे। पिछली बार गांव के शंभू यादव प्रधान चुने गए थे। इस साल दोनों एक दूसरे के आमने-सामने दावेदारी कर रहे थे। ऐसे में दोनों गुटों में वर्चस्व को लेकर तनातनी चल रही थी। पुलिस के अनुसार, मिश्रौलिया गांव में बुधवार रात वोट मांगने को लेकर ग्राम प्रधान के दो उम्मीदवारों के बीच मारपीट और फायरिंग हुई। जिसमें एक गोली राघवेंद्र दुबे को लग गई। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। परिजनों ने गोली मारने का आरोप निवर्तमान प्रधान व प्रधान प्रत्याशी शम्भू यादव पर लगाया है। पुलिस ने फिलहाल शम्भू यादव को हिरासत में लिया है और जांच कर रही है।