साभार: एबीपी न्यूज़
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन अपने प्रशंसकों के लिए एक और बड़ा प्रोजेक्ट लेकर आने की तैयारी में हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अजय देवगन और जाने-माने फिल्म निर्माता भूषण कुमार एक बार फिर साथ काम करने जा रहे हैं। दोनों के बीच एक हाई बजट स्पाई थ्रिलर फिल्म को लेकर बातचीत चल रही है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म साल 2028 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, भूषण कुमार इस प्रोजेक्ट के लिए एक नई और अनछुई कहानी लेकर आ रहे हैं। दोनों के बीच इस सिलसिले में कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं और अजय देवगन इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं। फिल्म की पटकथा को ‘धुरंधर’ की तरह बेहद ग्रिपिंग बताया जा रहा है।
2027 में शुरू होगी शूटिंग
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की शूटिंग साल 2027 में शुरू होगी। इसके बाद फिल्म को साल 2028 में रिलीज करने की योजना है। इसे अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी और भव्य फिल्मों में से एक माना जा रहा है। हालांकि, फिल्म के शीर्षक और अन्य स्टारकास्ट को लेकर अभी विवरण सामने नहीं आए हैं।
बता दें कि अजय देवगन और भूषण कुमार की जोड़ी पहले भी कई बड़ी फिल्में दे चुकी है। दोनों ने मिलकर ‘तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर’, ‘दृश्यम 2’, ‘रेड 2’, ‘दे दे प्यार दे’ और ‘धमाल 4’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। ऐसे में इस नई स्पाई थ्रिलर को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई है।
अजय देवगन की आने वाली फिल्में
अजय देवगन को हाल ही में फिल्म ‘दृश्यम 3’ में देखा गया था, जिसे बॉक्स ऑफिस पर काफी सराहा गया। इसमें उनके साथ तब्बू और श्रेया सरन भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। अजय देवगन के पास फिलहाल कई और बड़े प्रोजेक्ट्स भी लाइनअप में हैं। वह रोहित शेट्टी के निर्देशन में बन रही ‘गोलमाल 5’ में नजर आएंगे, जो जनवरी 2027 में रिलीज होने वाली है।
इसके अतिरिक्त अजय देवगन एक्शन एडवेंचर फिल्म ‘रेंजर’ में काम कर रहे हैं, जिसका निर्देशन जगन शक्ति कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्माण लव रंजन, अंकुर गर्ग, अजय देवगन और आनंद पंडित मिलकर कर रहे हैं। वहीं, वह नीरज यादव के निर्देशन में बनने वाली फिल्म ‘चौहान’ का भी हिस्सा हैं।
स्रोत: एबीपी न्यूज़
