साभार: दैनिक जागरण
देवरिया। जिले के सलेमपुर तहसील अंतर्गत पड़री तिवारी के राजस्व गांव मझवलिया की बेटी अक्षरा तिवारी ने भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में जगह बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बाएं हाथ की तेज गेंदबाज और ऑलराउंडर खिलाड़ी अक्षरा अब भारतीय टीम की जर्सी पहनकर मैदान पर देश का प्रतिनिधित्व करती हुई नजर आएंगी। उनके राष्ट्रीय टीम में चुने जाने की खबर मिलते ही परिजनों और जिलेवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
गांव की गलियों से शुरू हुआ सफर
अक्षरा को बचपन से ही क्रिकेट खेलने का काफी शौक था। उन्होंने खेल की शुरुआती बारीकियां अपने गांव की गलियों में ही सीखी थीं। उनके पिता हरिशंकर तिवारी और भाई आराध्या तिवारी ने शुरुआती दिनों में खेल के गुर सिखाए और उनका हौसला बढ़ाया। धीरे-धीरे यह शौक उनके जुनून में बदल गया और क्रिकेट का नियमित अभ्यास उनकी रोजमर्रा की दिनचर्या का अहम हिस्सा बन गया।
अक्षरा की प्राथमिक शिक्षा देवरिया के जीवन मार्ग स्कूल से शुरू हुई, जहां उन्होंने नर्सरी से यूकेजी तक पढ़ाई की। इसके बाद उनका परिवार गुजरात के वडोदरा शहर चला गया। वहां मांजलपुर स्थित श्रेयस विद्यालय में उन्होंने कक्षा एक से नौवीं तक की पढ़ाई पूरी की। बाद में उन्होंने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के माध्यम से अपनी 10वीं और 12वीं की पढ़ाई संपन्न की। पढ़ाई के साथ ही उन्होंने बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) से जुड़कर अपने खेल को और अधिक निखारा।
अधिकारियों और परिजनों ने जताई खुशी
अक्षरा के पिता हरिशंकर तिवारी मझवलिया गांव के पूर्व प्रधान रह चुके हैं और 10 वर्षों तक इस पद पर रहे हैं, जबकि उनकी माता कविता गृहिणी हैं। पिता ने बताया कि अक्षरा बचपन से ही अपने खेल के प्रति बेहद समर्पित और अनुशासित रही है। उसकी इसी लगन का नतीजा है कि उसे आज भारतीय अंडर-19 टीम में शामिल किया गया है।
बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रणव अमीन ने भी अक्षरा तिवारी के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि देवरिया की इस होनहार खिलाड़ी का भारतीय टीम में चुना जाना पूरे बड़ौदा क्रिकेट परिवार के लिए अत्यंत गर्व की बात है। वहीं अक्षरा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और लगातार मिले प्रोत्साहन को दिया है।
स्रोत: दैनिक जागरण
