साभार: एबीपी न्यूज़
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान लगभग डेढ़ साल के लंबे इंतजार के बाद बड़े पर्दे पर फिल्म ‘मातृभूमि’ से वापसी करने जा रहे हैं। अगले महीने रिलीज होने जा रही इस फिल्म को लेकर सलमान खान ने एबीपी न्यूज के विशेष कार्यक्रम ‘राइजिंग समिट 2026’ में खुलकर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपनी सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘दबंग’ के अगले भाग के आने की पुष्टि की, जबकि ‘बजरंगी भाईजान’ के सीक्वल पर भी अपना रुख स्पष्ट किया।
कार्यक्रम के दौरान जब सलमान खान से उनकी नई फिल्म ‘मातृभूमि’ से जुड़ी उम्मीदों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने मजाकिया लहजे में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी फिल्म इस सोच के साथ नहीं बनाई जाती कि वह रिलीज होकर असफल हो जाए। अभिनेता ने कहा कि उनका इरादा यही है कि लोग सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखें और उन्हें यह पसंद आए।
‘मातृभूमि’ की कहानी और भावनाएं
सलमान खान ने बताया कि ‘मातृभूमि’ की प्रकृति कुछ हद तक ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी ही है। यह फिल्म सीमा पर हुई एक घटना और उससे दोनों तरफ के परिवारों पर पड़े असर की कहानी पर आधारित है।
सीक्वल की योजनाओं पर स्पष्ट किया रुख
बातचीत के दौरान जब सलमान खान से पूछा गया कि ‘बजरंगी भाईजान’, ‘किक’ और ‘टाइगर’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के सीक्वल आने वाले हैं या नहीं, तो उन्होंने कहा कि कुछ नया और अलग करने की कोशिश रहेगी। इसके बाद जब उनसे कहा गया कि सीक्वल न लाने से फैंस निराश हो सकते हैं, तब उन्होंने ‘दबंग’ के सीक्वल पर बात की।
सलमान खान ने कहा कि ‘दबंग’ का नया पार्ट जरूर आएगा क्योंकि ‘दबंग’ उनके अपने हाथ में है, जबकि बाकी फिल्में दूसरों के हाथ में हैं। वहीं ‘बजरंगी भाईजान’ के सीक्वल पर उन्होंने कहा कि भावनात्मक रूप से उस फिल्म से आगे जाना संभव नहीं लगता। वह नहीं चाहते कि दूसरी फिल्म की तुलना पहली फिल्म से हो और लोग कहें कि इसमें मजा नहीं आया। इस वजह से ‘बजरंगी भाईजान 2’ बनने के आसार नहीं हैं।
स्रोत: एबीपी न्यूज़
