पिण्डी चौराहे पर घटना से सनसनी, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
लार (देवरिया)। लार थाना क्षेत्र के पिण्डी चौराहे पर शनिवार को एक हार्डवेयर की दुकान के दो मंजिले मकान में रस्सी के सहारे लटका युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान पिण्डी निवासी दुर्गा जायसवाल के पुत्र रितेश जायसवाल (18) के रूप में हुई है। दुकान के ऊपर स्थित मकान में युवक का शव मिलने की सूचना से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही लार पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की।
पुलिस युवक की मौत से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मौके से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल युवक की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति सामने आने की बात कही जा रही है।