सुरौली थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव की घटना, मेडिकल टेस्ट को लेकर परेशान रहने की बात सामने आई
देवरिया। जिले के सुरौली थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में रविवार दोपहर एक युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया। 20 वर्षीय अनुज विश्वकर्मा सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। उसका शव घर के अंदर छत की कुंडी से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अनुज के पिता अशोक विश्वकर्मा हैदराबाद में रहकर काम करते हैं। परिवार में चार बेटे हैं। अनुज सबसे छोटा था और अपनी मां रीता देवी तथा दो भाइयों के साथ गांव में रहता था। वह सेना में भर्ती होने के लिए नियमित रूप से पैकौली कुटी मैदान में दौड़ का अभ्यास करता था।
दो बार मेडिकल टेस्ट में रह गया था असफल
परिजनों के मुताबिक, अनुज पहले दो बार लिखित परीक्षा पास कर चुका था, लेकिन मेडिकल जांच में सफल नहीं हो पाया था। इस बार भी उसने लिखित परीक्षा पास कर ली थी और आने वाले दिनों में उसका मेडिकल टेस्ट होना था।
परिवार के लोगों ने बताया कि अनुज पिछले कई महीनों से शांत रहने लगा था। वह अपनी परेशानियों के बारे में घरवालों से खुलकर बात नहीं करता था। हालांकि, उसकी मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
घर पहुंचे चाचा तो सामने आया मामला
रविवार को अनुज की मां अपने मायके कुइयां गई हुई थीं, जबकि उसके दो भाई दुकान पर थे। इसी दौरान घर में अकेले मौजूद अनुज की मौत हो गई।
दोपहर करीब 12 बजे उसके चाचा सुधाकर विश्वकर्मा दुकान से घर पहुंचे। बाहर किसी को नहीं देखकर उन्होंने अनुज को आवाज लगाई। जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो अनुज का शव फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां रीता देवी की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। भाई अरविंद और आनंद का भी रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सूचना मिलने पर सुरौली थानाध्यक्ष अविनाश मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अनुज के पिता अशोक विश्वकर्मा और दूसरे नंबर के बेटे अमरजीत को घटना की सूचना दे दी गई। अमरजीत अपने पिता के साथ बाहर रहता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों घर के लिए रवाना हो गए।