बरहज में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को रौंदा, मौके पर मौत; परिवार में मचा कोहराम

देवरिया के बरहज में ट्रेलर ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत

देवरिया। बरहज थाना क्षेत्र में बेलडाड़–देवरिया मार्ग पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। करोहिया गांव के पास एक निजी विद्यालय के नजदीक पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी और युवक को रौंद दिया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रेलर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि चालक फरार हो गया।

मृतक की पहचान बरहज थाना क्षेत्र के बिशनपुरा गांव निवासी दयानंद तिवारी (36), पुत्र रविंद्र तिवारी के रूप में हुई है। बताया गया कि दयानंद शुक्रवार रात बारा दीक्षित चौराहे से बाइक लेकर अपने घर जा रहे थे। वह करोहिया गांव के पास स्थित एक निजी विद्यालय के नजदीक पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रेलर पकड़ा

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने ट्रेलर को रोकने का प्रयास किया और उसे पकड़ लिया। हालांकि, चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

बेटे की मौत की खबर सुन बेसुध हुआ परिवार

दयानंद की मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता रविंद्र तिवारी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटनास्थल पर पहुंचे पिता बेटे का शव देखकर फफक पड़े।

उधर, घर पर पत्नी खुशबू तिवारी और दोनों बेटों विघ्नेश्वर तिवारी तथा वैभव का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के सदस्यों की चीख-पुकार सुनकर गांव की महिलाएं भी वहां पहुंच गईं। उन्होंने पत्नी और बच्चों को संभालने का प्रयास किया। हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।

यह भी देखें  जहरीली टॉफी खाने से चार बच्चों की मौत

एक सड़क हादसे ने परिवार से उसका सहारा छीन लिया। घर में जहां अपनों के लौटने का इंतजार था, वहां हादसे की खबर के बाद मातम पसर गया।

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!