साभार: etvbharat.com
देवरिया। रबी फसलों की बुवाई के इस महत्वपूर्ण समय में देवरिया के किसानों को प्रशासन की ओर से बड़ी राहत मिली है। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में उर्वरक का पर्याप्त स्टॉक है और किसी तरह की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आगामी तीन से चार दिनों के अंदर जिले को 3,500 मीट्रिक टन से ज्यादा डीएपी की नई खेप मिलने जा रही है।
गूगल मीट के माध्यम से आयोजित एक विशेष बैठक में डीएम ने कृषि और सहकारिता विभाग के अधिकारियों को वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने हिदायत दी कि खाद की कालाबाजारी और तय कीमत से अधिक दाम वसूलने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इस ऑनलाइन समीक्षा में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य, जिला कृषि अधिकारी और सहायक आयुक्त सहकारिता भी उपस्थित रहे।
जनपद में खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
बैठक के दौरान प्रस्तुत आंकड़ों के मुताबिक, वर्तमान में जिले के 169 सहकारी बिक्री केंद्रों पर 3,235 मीट्रिक टन यूरिया, 868 मीट्रिक टन डीएपी और 780 मीट्रिक टन एनपीके मौजूद है। वहीं निजी विक्रेताओं के पास 16,846 मीट्रिक टन यूरिया, 4,000 मीट्रिक टन डीएपी व टीएसपी और 2,612 मीट्रिक टन एनपीके का स्टॉक सुरक्षित है। कुल मिलाकर देवरिया में इस समय 20 हजार टन से अधिक यूरिया और लगभग 5 हजार टन डीएपी उपलब्ध है, इसलिए किसानों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।
निरीक्षण और कंट्रोल रूम स्थापित करने के आदेश
गेहूं, सरसों और अन्य फसलों की समय पर बुवाई सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हर केंद्र पर निरंतर निगरानी के आदेश दिए हैं। सहकारिता और कृषि विभाग मिलकर तुरंत एक उर्वरक नियंत्रण कक्ष स्थापित करेंगे। इसके अलावा, क्षेत्रीय अधिकारियों को मैदान में उतरकर बिक्री केंद्रों की सघन जांच करने को कहा गया है ताकि निर्धारित सरकारी दरों पर ही किसानों को खाद मिल सके।
इन ब्लॉकों में आपूर्ति और शिकायत हेल्पलाइन नंबर
वर्तमान में बैतालपुर, देसही देवरिया, तरकुलवा, पथरदेवा, देवरिया सदर और रामपुर कारखाना क्षेत्र के सहकारी केंद्रों पर डीएपी और एनपीके प्राथमिकता के आधार पर भेजी जा रही है। डीएम ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रम या अफवाह में न आएं।
यदि किसी बिक्री केंद्र पर तय मूल्य से ज्यादा दाम मांगा जाता है या खाद देने से मना किया जाता है, तो किसान तत्काल शिकायत कर सकते हैं। इसके लिए अपर जिला सहकारी अधिकारी दुर्गेश कुमार राय के मोबाइल नंबर 9455470229, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता के नंबर 7380944179 तथा जिला कृषि अधिकारी के नंबर 6393096008 पर संपर्क किया जा सकता है।
स्रोत: etvbharat.com
