दरवाजा बंद करने के विवाद में भतीजे ने चाची की कुदाल से मारकर की हत्या, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
गोपालगंज में दरवाजा बंद करने के विवाद में महिला की हत्या का मामला
देवरिया/गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विवाद में एक भतीजे ने अपनी चाची की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन रात करीब 11:15 बजे देवरिया स्थित महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के देउरवा गांव निवासी जुलेखा खातून (30) पत्नी खुर्शीद अंसारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जुलेखा अपने तीन बच्चों के साथ गांव में रहती थीं। उनके पति खुर्शीद अंसारी करीब 15 दिन पहले रोजी-रोटी के सिलसिले में सऊदी अरब गए हैं।
दरवाजा बंद करने को लेकर हुआ विवाद
स्वजन के अनुसार, शनिवार रात करीब आठ बजे जुलेखा ने अपने घर का दरवाजा बंद कर दिया था। इसी बात को लेकर उनके भतीजे ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आक्रोशित भतीजे ने कुदाल से जुलेखा के सिर पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में घायल जुलेखा को लेकर देवरिया स्थित महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला की मौत के बाद उसके तीनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पति के विदेश में होने और मां की अचानक मौत से बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
