साभार: आज तक
नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के सांसद और संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि उनका फोन टैप कराया जा रहा है और उनके सभी आरोपों से जुड़े सबूत उनके मोबाइल फोन में ही मौजूद हैं। इसके साथ ही राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर आमने-सामने बैठकर सार्वजनिक रूप से बहस करने की चुनौती दी है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर आयोजित एक ‘आस्क मी’ सेशन के दौरान राहुल गांधी से सवाल किया गया था कि वह संसद के बजाय बाहर सार्वजनिक मंच पर बहस की मांग क्यों कर रहे हैं। इस पर उन्होंने अपनी बात रखते हुए आरोप लगाया कि लोकसभा के भीतर उन्हें अपनी बात कहने का अवसर नहीं मिलता और अक्सर उनका माइक बंद कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कृषि कानून, चीन, वोट चोरी, एसआईआर, जनरल नरवणे की पुस्तक और एपस्टीन जैसे अहम विषयों पर उन्हें सदन में बोलने नहीं दिया गया।
सार्वजनिक मंच पर बहस की मांग
राहुल गांधी का कहना है कि वह लंबे भाषणों वाली औपचारिक बहस नहीं चाहते, बल्कि ऐसी सीधी बातचीत चाहते हैं जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर सीधे सवाल दाग सकें। उन्होंने दावा किया कि यदि उनके और प्रधानमंत्री के बीच सीधी बातचीत हुई, तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद पर नहीं रह पाएंगे। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि अगर इस बहस का जज या मध्यस्थ उद्योगपति गौतम अडानी या आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को भी बनाया जाता है, तो उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं होगी।
भाजपा नेताओं ने किया पलटवार
राहुल गांधी के इन आरोपों और सीधी चुनौती पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने तीखा हमला बोला है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पहले भी कहा था कि संसद बहस के लिए पहले से स्थापित और उपयुक्त मंच है। उन्होंने कहा था कि नेता प्रतिपक्ष के तौर पर राहुल गांधी को अपनी जिम्मेदारी तथा गंभीरता दिखानी चाहिए और संसद में ही चर्चा करनी चाहिए।
वहीं उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी राहुल गांधी के बयानों पर पलटवार किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि राहुल गांधी निम्न स्तर की राजनीति कर रहे हैं। मौर्य के मुताबिक, बिना किसी ठोस आधार के आरोप लगाना और बाद में पीछे हट जाना उनकी पुरानी आदत रही है। उन्होंने कहा कि फोन टैपिंग का नया आरोप भी राहुल गांधी की हल्ला बोल राजनीति का ही एक नया जरिया है।
स्रोत: आज तक
