लार के धूमनगर टोले में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट
लार के धूमनगर टोले में मारपीट से मची अफरा-तफरी, तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर
लार। नगर पंचायत लार के धवरिया वार्ड स्थित धूमनगर टोले में शुक्रवार को जमीन के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना में गुड़िया देवी (30), सूर्यनारायण (40) और उनके पुत्र धीरज चौहान (17) घायल हुई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लार पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुई उन्हें महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कस्बा चौकी इंचार्ज कमलेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुई घटना की जानकारी जुटाई और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा था। शुक्रवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।