साभार: दैनिक भास्कर
देवरिया। कलेक्ट्रेट स्थित राजस्व अभिलेखागार से चार वर्षों की खतौनियां गायब होने का मामला सामने आया है। भरौली बाजार अंदर नगर मौजे से संबंधित वर्ष 1960, 1961, 1962 और 1963 की खतौनियां अभिलेखागार में नहीं मिल रही हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर बनी जांच कमेटी को भी यह दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद सदर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, गायब हुई यह खतौनियां फसली वर्ष 1368, 1369, 1370 और 1371 से संबंधित हैं। इन महत्वपूर्ण अभिलेखों के गायब होने की शिकायत जब जिलाधिकारी तक पहुंची, तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया। डीएम ने पूरे प्रकरण की हकीकत जानने के लिए एक जांच कमेटी का गठन कर दिया था।
जांच समिति को भी नहीं मिला रिकॉर्ड
जिलाधिकारी के आदेश पर गठित जांच समिति ने राजस्व अभिलेखागार में रखे अभिलेखों और संबंधित दस्तावेजों की गहराई से जांच की। काफी तलाश करने के बावजूद कमेटी को चारों वर्षों की खतौनियां नहीं मिलीं। इसके बाद जांच समिति ने अपनी पूरी रिपोर्ट तैयार करके जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी को सौंप दी।
सदर कोतवाली में एफआईआर दर्ज
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उनके आदेश पर राजस्व अभिलेखागार के प्रभारी एवं उर्दू अनुवादक इकबाल अहमद की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। सदर कोतवाली में गुरुवार की शाम चार बजे अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध गबन का केस दर्ज कर लिया गया है।
जिम्मेदारों का पता लगाने में जुटी पुलिस
प्रकरण में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) पंकज प्रकाश राठौर ने बताया कि जांच के दौरान खतौनियां न मिलने पर मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की तफ्तीश में लगी हुई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह सरकारी दस्तावेज कहां गए और इनके गायब होने में किन लोगों की भूमिका रही है।
स्रोत: दैनिक भास्कर
