फाइल फोटो :रामेश्वर तिवारी
भीखम छपरा की अमृता तिवारी ने सोशल मीडिया पोस्ट और फोन कॉल के जरिए धमकाने का लगाया आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
देवरिया। भीखम छपरा गांव में हत्या के एक मामले को लेकर चल रहा विवाद अब एक नए घटनाक्रम के कारण चर्चा में है। मृतक की पत्नी ने अपने परिवार को धमकियां मिलने की शिकायत पुलिस से की है। पीड़िता की तहरीर पर लार पुलिस ने 25 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में अमृता तिवारी ने बताया कि उनके पति की एक अक्टूबर को गांव में हुई मारपीट की घटना में मौत हो गई थी। इस संबंध में लार थाने में पहले ही हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत के मुताबिक, इस मामले में नामजद छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पीड़िता का कहना है कि घटना के कुछ दिनों बाद सोशल मीडिया पर एक फेसबुक अकाउंट से ऐसा स्टेटस लगाया गया, जिसे उन्होंने अपने परिवार के लिए धमकी के तौर पर लिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उनके परिचित के मोबाइल फोन पर कॉल कर बड़ी घटना को अंजाम देने और उसका परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
लगातार मिल रही कथित धमकियों से परिवार के लोगों में भय का माहौल है। अमृता तिवारी ने पुलिस प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
लार थाने में इस शिकायत पर FIR संख्या 0317 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3) और 351(4) के तहत मामला पंजीकृत किया है। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक विकास मिश्रा को सौंपी गई है।
अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सोशल मीडिया पोस्ट और फोन कॉल के जरिए धमकी दिए जाने के आरोपों में कितनी सच्चाई है। क्षेत्र में इस मामले को लेकर लोगों की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।