रुद्रपुर सीएचसी परिसर में वारदात से मचा हड़कंप, दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाकर मायके पक्ष ने कोतवाली में किया हंगामा

रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर स्थित सरकारी आवास में शनिवार की आधी रात एक महिला की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला अपनी ननद के साथ आवास में रह रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। एसपी अभिजीत आर. शंकर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पति समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है।
गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र के चंदवाड़ी गांव निवासी गुड़िया की शादी करीब पांच वर्ष पहले चमनलाल से हुई थी। वह कुछ महीनों से रुद्रपुर सीएचसी में स्टाफ नर्स के पद पर तैनात अपनी ननद पूर्णिमा विश्वकर्मा के सरकारी आवास में रह रही थी। आरोप है कि शनिवार की रात गुड़िया की गला दबाकर और सिर पर किसी वस्तु से हमला कर हत्या कर दी गई।
घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पति समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दहेज प्रताड़ना का आरोप, कोतवाली में हंगामा
रविवार सुबह गुड़िया के मायके पक्ष के लोग रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे और हंगामा किया। उनका आरोप था कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर गुड़िया को प्रताड़ित करते थे। इस मामले में कई बार पंचायत भी हुई थी। मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाया।
परिजनों ने यह भी नाराजगी जताई कि उन्हें शव दिखाए बिना ही पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर परिवार में आक्रोश का माहौल रहा।
एसपी अभिजीत आर. शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।