रामजानकी मार्ग के पास वारदात से दहशत, धारदार हथियार और रॉड से हमला किए जाने की आशंका
देवरिया। जिले में हत्या की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस के सामने लगातार चुनौती खड़ी हो रही है। इसी बीच खुखुंदू थाना क्षेत्र के पिपरा खेमकरण गांव में घर के बाहर बरामदे में सो रहे 21 वर्षीय युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। युवक पर धारदार हथियार और लोहे की रॉड से हमला किए जाने की बात सामने आई है। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी संदीप रात में अपने घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पेंटिंग का काम करता था संदीप
बताया जाता है कि संदीप पुत्र तेज बहादुर पेंटिंग का काम करता था। वह दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां गुड्डी देवी और पत्नी मुस्कान का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक के साथ दहशत का माहौल बना हुआ है।
हत्या की वजह स्पष्ट नहीं
वारदात के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। हमलावर कौन थे और घटना को किस कारण अंजाम दिया गया, इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएंगे। घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। हत्या के कारणों, आरोपितों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।