चकउर तिवारी गांव में वारदात से हड़कंप, मौके से गहनों के खाली डिब्बे बरामद
देवरिया। जिले के चकउर तिवारी गांव में चोरों ने एक नवनिर्मित मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। कमरों का ताला तोड़कर चोर करीब 50 हजार रुपये नकद और लगभग दो लाख रुपये के गहने उठा ले गए। शनिवार शाम घर लौटने पर पीड़ित भाइयों को चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चकउर तिवारी गांव निवासी अशोक यादव और छोटेलाल यादव सगे भाई हैं। दोनों ने गांव के बाहर नया मकान बनवाया है। मकान में अभी केवल दो कमरों में दरवाजे लगाए गए हैं। शनिवार को परिवार की महिलाएं पुराने घर पर गई थीं, जबकि दोनों भाई भैंस के चारे का इंतजाम करने खेत की ओर गए थे।
इसी दौरान चोरों ने सुनसान मकान को निशाना बना लिया। कमरों के ताले तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने नकदी और आभूषण समेट लिए। शाम को दोनों भाई वापस लौटे तो कमरों के टूटे ताले देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर सामान की जांच करने पर करीब 50 हजार रुपये नकद और पायल, चेन, मंगलसूत्र तथा झुमके गायब मिले।
मौके पर मिले गहनों के खाली डिब्बे
चोरी की जानकारी मिलने के बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान का निरीक्षण किया। दरवाजे के पास गहनों के खाली डिब्बे पड़े मिले, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस आसपास के परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।
क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार ने बताया कि चोरी की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
नवनिर्मित मकान में हुई इस चोरी से पीड़ित परिवार परेशान है। पुलिस जांच के बाद ही चोरी में शामिल लोगों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।