बनकटा पुलिस की कार्रवाई, तस्करी में इस्तेमाल टाटा जेस्ट कार जब्त; 25 पेटियों में मिले 1125 पाउच
देवरिया। बिहार में शराब की तस्करी के लिए ले जाई जा रही 225 लीटर देसी शराब बनकटा थाना पुलिस ने बरामद की है। सोमवार को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में शराब मिली। मौके से बिहार निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार भी जब्त कर ली गई।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि जंजीरहा से मठिया जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास एक कार से शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध टाटा जेस्ट एक्सएम कार को रोककर तलाशी ली।
कार के अंदर रखी 25 पेटियों से बंटी-बबली लाइम ब्रांड की देसी शराब के कुल 1125 पाउच बरामद हुए। प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी। इस तरह बरामद शराब की कुल मात्रा 225 लीटर पाई गई।
पुलिस ने मौके से बिहार के छपरा जिले के तरैया थाना क्षेत्र स्थित अरदेवा गांव निवासी सत्येंद्र साहनी (34) को गिरफ्तार कर लिया। शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार का पंजीकरण नंबर यूपी 14 सीजे 9011 बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बनकटा थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।