देवरिया। जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बरांव के पास ट्रैक्टर से गिरने के बाद पहिए की चपेट में आए 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मदनपुर उपनगर के मठिया चौराहे पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। बुधवार की रात मोहल्ले के लोग ट्रैक्टर से प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला लाल साहब (28), पुत्र प्रेमचंद्र, भी उनके साथ था।
बताया जा रहा है कि बरांव के समीप लाल साहब अचानक ट्रैक्टर से नीचे गिर गए। शुरुआत में किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। इसी बीच ट्रैक्टर का पहिया उनके पैर पर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद लोग आनन-फानन में उन्हें आधी रात के समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), रुद्रपुर लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सऊदी अरब जाने की कर रहे थे तैयारी
बताया जा रहा है कि लाल साहब जल्द ही रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब जाने वाले थे। विदेश जाने से पहले हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। युवक की असमय मौत से परिजन और परिचित सदमे में हैं।