रामपुर कारखाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव की घटना, छठ घाट के पास मिला शव; पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
देवरिया। जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में दोरांची नाले में डूबने से 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। बुधवार रात भोजन करने के बाद घर से टहलने निकली किशोरी का शव गुरुवार सुबह नाले में उतराता मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान बैकुंठपुर गांव निवासी फौजदार की पुत्री अंकिता (16) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, अंकिता बुधवार रात करीब आठ बजे भोजन करने के बाद घर से टहलने निकली थी। वह गौरा-सिधुआ मार्ग पर स्थित गांव के छठ घाट के पास पहुंची थी। इसी दौरान वह दोरांची नाले में गिर गई। नाले के किनारे उसकी चप्पल पड़ी मिली।
देर रात तक घर नहीं लौटी तो शुरू हुई तलाश
अंकिता जब देर रात तक घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह नाले में किशोरी का शव उतराता दिखाई दिया। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर भीड़ लग गई।
सूचना मिलने पर दरोगा ज्योति नारायण तिवारी और कांस्टेबल इंद्रजीत वर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की सहायता से शव को नाले से बाहर निकलवाया। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अंकिता के रूप में की। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
नाले में गिरने की वजह स्पष्ट नहीं
किशोरी नाले में किन परिस्थितियों में गिरी, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रामपुर कारखाना के थानाध्यक्ष अश्वनी प्रधान ने बताया कि किशोरी की नाले में डूबने से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।